बड़ागांव पुलिस ने होंडा सीडी डीलक्स के साथ दोनों को पकड़ा, एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास आया सामने

 

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़ागांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को वादी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल संख्या UP65AP7554 को बेरवां हरहुआ स्थित हनुमान मंदिर के पास से चोरी कर लिया गया है। घटना के बाद वादी और स्थानीय लोगों के सहयोग से घेराबंदी की गई, जिसमें मोटरसाइकिल सहित दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

सूचना मिलने पर थाना बड़ागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव सिंह (25) पुत्र इन्द्रपाल सिंह निवासी गोकुलपुर, पोस्ट सुरवां, थाना बड़ागांव तथा हिमांशु सिंह (22) पुत्र हृदयनारायण सिंह निवासी ग्राम बेरवां, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रूप में हुई है।

एक आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं सात मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गौरव सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बड़ागांव, फूलपुर और मिर्जामुराद थानों में चोरी, चोरी का माल रखने तथा एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।

इस मामले में थाना बड़ागांव पर मु0अ0सं0 0444/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका पंजीकरण नंबर UP65AP7554 है।

XKN News | उत्तर प्रदेश