पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिए निर्देश—दर्शकों को अतिथि समझकर करें व्यवहार, सुरक्षा के साथ जनसुविधाओं का भी रखें ध्यान

वाराणसी XKN News 

वाराणसी, 19 अक्टूबर। आगामी एयर शो के मद्देनजर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में यातायात पुलिसकर्मियों और थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए ‘सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यशाला’ आयोजित की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, प्रशिक्षण, मुख्यालय लखनऊ की ओर से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग, प्रभावी संवाद कौशल और संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को सेवा भाव, विनम्रता और धैर्य के साथ ड्यूटी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के साथ वैसा ही सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, जैसा व्यवहार पुलिसकर्मी स्वयं अपने लिए अपेक्षित करते हैं। एयर शो देखने आने वाले दर्शकों को अपना अतिथि समझकर उनकी सहायता की जाए और उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश रोकने जैसी परिस्थितियों में संयमित व्यवहार अपनाने की सीख दी गई। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि नागरिकों को डांटने या अपमानित करने के बजाय विनम्रता से समझाएं और स्पष्ट निर्देश दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

कार्यशाला में सहज मुस्कान, सकारात्मक शारीरिक हाव-भाव और शालीन भाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रभावी संवाद और संवेदनशील व्यवहार से तनावपूर्ण परिस्थितियों को संभालने, भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा आमजन का विश्वास बनाए रखने में मदद मिलती है।

एयर शो जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शकों की सुविधा, यातायात संचालन और पुलिसकर्मियों का व्यवहार भी महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में इस प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक संवेदनशील, अनुशासित और नागरिक-अनुकूल तरीके से करने के लिए तैयार किया जा रहा है।