लालगंज। XKN News lबछरावां रोड पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहनों समेत आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे दुबेन मजरे शहरौली निवासी पूजा शुक्ला अपने आठ वर्षीय बेटे विहान और बेटियों अंशिका व पीहू के साथ ई-रिक्शा से लालगंज मेला देखने जा रही थीं। ई-रिक्शा पूरे भैरी निवासी अनुराग पाल (48) चला रहे थे। ई-रिक्शा में अन्य यात्री भी सवार थे।
बनामऊ गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और कुछ दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विहान को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में ई-रिक्शा चालक अनुराग पाल, शांति देवी और अंशिका समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक के बाबा प्रवेश शंकर शुक्ल के लिखित अनुरोध पर शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
हादसे में बेटे को खोने वाली पूजा शुक्ला का विलाप सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूजा ने बताया कि वह बच्चों को मेला दिखाने और झूला झुलाने के लिए लालगंज जा रही थीं। विहान मेले में जाने को लेकर बेहद उत्साहित था और ई-रिक्शा में चालक के बगल वाली अगली सीट पर बैठा था। हादसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता राहुल भी रो-रोकर बेहाल थे।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!