रतनपुरा (मऊ)।
सड़क पर आगे निकलने की होड़ एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। रतनपुरा क्षेत्र के बाहरपुर मिशन के पास दो ऑटो चालकों के बीच ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान सामने से आ रही बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय शैलेंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, भीमपुरा कुशहां ब्राह्मण निवासी शैलेंद्र चौहान पुत्र देवेंद्र चौहान अपनी बहन शीला चौहान, पत्नी अशोक चौहान, के घर बिलौझा आया हुआ था। वहां से बाइक से अपने घर लौटते समय बाहरपुर मिशन के पास हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि भीमपुरा की ओर से आ रहे दो ऑटो चालक एक-दूसरे से आगे निकलने के प्रयास में ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे शैलेंद्र की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि शैलेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगापुर (रतनपुरा) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना ने एक बार फिर सड़क पर ओवरटेक करने की जल्दबाजी और लापरवाही से पैदा होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। दो वाहनों के बीच आगे निकलने की प्रतिस्पर्धा का खामियाजा एक बाइक सवार युवक को गंभीर चोटों के रूप में भुगतना पड़ा।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!