जौनपुर। एटीएम बूथ में मदद करने के बहाने लोगों को ठगी का शिकार बनाने का एक और मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नईगंज मोहल्ले में एसआरएस हॉस्पिटल के पास स्थित एटीएम बूथ पर एक किशोरी का कार्ड लेकर कथित जालसाज फरार हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग स्थानों पर कुल 30 हजार रुपये निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर दरवेश अली गांव निवासी खुशबू भारती शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने पहुंची थी। इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। काफी कोशिशों के बाद भी जब कार्ड बाहर नहीं निकला तो वहां मौजूद एक युवक ने मदद की पेशकश की।
आरोप है कि युवक ने कार्ड निकालने का प्रयास करने के दौरान किशोरी से उसका एटीएम पिन पूछ लिया। कुछ देर बाद किशोरी एटीएम कक्ष से बाहर निकली, इसी बीच युवक कथित तौर पर उसका कार्ड लेकर वहां से फरार हो गया।
इसके बाद किशोरी के बैंक खाते से अलग-अलग स्थानों पर 30 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। खाते से रकम निकलने का संदेश मिलने पर किशोरी को ठगी का पता चला। उसने तत्काल अपना एटीएम कार्ड लॉक कराया और कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
खबर लिखे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!