अनिल तिवारी, XKN News

 

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के गोदाम चौराहा पर दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने घटना में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

 

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की सुबह गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान के बाहर उदयराज यादव पुत्र स्व. इन्द्रदेव यादव, निवासी भभौरी, थाना सिकरारा, घायल अवस्था में मिले थे। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जौनपुर ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर चार आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा और सूरज गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि रामू गौतम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे शराब के आदी हैं और पैसों की जरूरत के चलते चोरी की योजना बनाकर गोदाम चौराहा स्थित एक दुकान में चोरी का प्रयास करने पहुंचे थे। इसी दौरान पास में सो रहे उदयराज यादव के जाग जाने पर पहचान उजागर होने के डर से उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा अपराध संख्या 334/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा और सूरज गौतम शामिल हैं, जबकि रामू गौतम वांछित बताया गया है।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद करने का भी दावा किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।