उत्तर प्रदेश बस्ती.
Report By: Rajesh Verma & Jitendra Tripathi
(National Crime Desk | X Kosmo News )
हरैया थाना क्षेत्र के कोहले समय माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से दो दानपात्र, पांच पीले धातु के लोटे, 31 घंटे-घंटियां और ₹2,342 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंदिर चोरी के संबंध में मुकदमा संख्या 253/2026 धारा 305(डी) BNS के तहत दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 10 सितंबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एसबी एकेडमी के उत्तर दिशा में निर्माणाधीन मकान के पश्चिम स्थित गड्ढे के पास दबिश दी।
पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर चोरी का सामान छोड़कर भागने लगे। पीछा करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा (22), निवासी एकडंगी और सुभाष गिरी (32), निवासी खास गोसाईंपुरवा, थाना हरैया के रूप में हुई है।
मंदिरों से चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो दानपात्र, तीन बड़े और दो छोटे पीले धातु के लोटे तथा 31 घंटे-घंटियां बरामद की गईं। बरामद घंटों में एक बड़ा घंटा करीब 11 किलो 550 ग्राम, आठ मध्यम आकार के घंटे करीब 6 किलो 200 ग्राम और 22 छोटी घंटियां करीब 5 किलो 300 ग्राम वजन की बताई गई हैं।
बरामद ₹2,342 में ₹1,342 दानपात्र से निकली रकम और ₹1,000 अन्य नकद शामिल हैं।
पूछताछ में खुल सकते हैं अन्य मंदिरों के राज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कोहले समय माता मंदिर से दानपात्र और लोटे चोरी करने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने अन्य मंदिरों से घंटे-घंटियां चोरी करने की जानकारी भी दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्षेत्र के अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में उनकी क्या भूमिका रही है। जांच के दौरान एक अन्य व्यक्ति का नाम भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरैया संजय कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, सुरेंद्र यादव, कामेश्वर मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जांच जारी है।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!