महराजगंज। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, महराजगंज के तत्वावधान में जिलाधिकारी के प्रेरणा से जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर शिवम कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी महराजगंज सिद्धार्थ गुप्ता तथा उपजिलाधिकारी फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय उपस्थित रहे।
आईएएस अधिकारी शिवम कुमार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए प्रत्येक सप्ताह की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने अपने संघर्ष और अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कक्षा 10 तक की शिक्षा सरकारी विद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। शिवम कुमार वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और यूपीएससी में उनकी रैंक 19 रही है।
अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, जिन्होंने पीसीएस-2023 में प्रथम रैंक हासिल की, ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में निरंतर अभ्यास और उत्तर लेखन के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ अपनी लेखन क्षमता विकसित करने की सलाह दी।
उपजिलाधिकारी फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, जिन्होंने पीसीएस-2023 में दूसरी रैंक हासिल की, ने भारतीय वायुसेना में 20 वर्षों की सेवा और सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के रूप में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रतियोगियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने महाविद्यालय में संचालित अभ्युदय योजना के माध्यम से जनपद के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, अभ्युदय योजना महराजगंज के कोर्स कोऑर्डिनेटर ने जनपद में संचालित विभिन्न केंद्रों की जानकारी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए विद्वान शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सानिध्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आभार ज्ञापन जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव ने किया, जबकि सफल संचालन आलोक पांडेय ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रबंधन में डॉ. विपिन यादव, डॉ. नंदिता मिश्रा, गणेश पटेल, विनय पटेल, अभिषेक पांडेय, डॉ. वकील श्रीवास्तव और आर.के. वर्मा सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!