ज्ञानेंद्र महाराज | XKN News

 

बलिया। फेफना क्षेत्र के मालदेपुर में गंगा और जीतबाड़ा गांव क्षेत्र में टोस नदी का जलस्तर पिछले दो दिनों से तेजी से बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। बुधवार को पानी बढ़ने के बाद निचले इलाकों में रहने वाले लोग घर, खेत, रास्ते और पशुधन की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आए।

ग्रामीणों के अनुसार, गंगा का जलस्तर इस वर्ष तीसरी बार तेजी से बढ़ रहा है। पिछली बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। ऐसे में दोबारा पानी बढ़ने से उन्हें आशंका है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में पानी पहुंच सकता है और आवागमन के रास्तों के साथ कृषि क्षेत्र भी प्रभावित हो सकते हैं।

सिंह पूर्णिमासी खेदल मोरे ने बताया कि गंगा का पानी एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। पिछली बाढ़ के दौरान लोगों को काफी परेशानी हुई थी। अब जलस्तर बढ़ने से घरों, खेतों और आने-जाने के रास्तों को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ाव की स्थिति बनी रही तो निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

वहीं पक्का कोट निवासी बृजेश यादव ने बताया कि टोस नदी का पानी तीसरी बार तेजी से गांव की ओर बढ़ रहा है। यदि पानी बढ़ने की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। इससे परिवारों के साथ पशुधन और फसलों की सुरक्षा को लेकर भी परेशानी बढ़ सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गंगा और टोस नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से बचाव और राहत संसाधनों की तैयारी रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन यदि समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी कर लेता है तो संभावित संकट की स्थिति में लोगों को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञानेंद्र महाराज | XKN News