भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कानपुर, हमीरपुर और महोबा में किया निरीक्षण; बिना वैध परिवहन प्रपत्र मिले वाहनों पर कार्रवाई, स्टोन क्रशरों के स्टॉक में भी मिली विसंगतियां

 

हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।

अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव डॉ. उज्ज्वल कुमार ने शनिवार को बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्रों में उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों तथा खनन गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्रों के उपखनिज ले जाते मिले पांच वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खनिज परिवहन में निर्धारित नियमों और लोडिंग मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। किसी भी वाहन को वैध परिवहन प्रपत्र के बिना उपखनिज ले जाने की अनुमति नहीं दी जाए।

कानपुर में पांच वाहनों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान कानपुर नगर के नौबस्ता मार्ग पर उपखनिज परिवहन कर रहे पांच वाहन बिना वैध प्रपत्रों के पाए गए। इन सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

निदेशक ने खान अधिकारी, कानपुर नगर को निर्देश दिए कि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और आईएसटीपी (इंटर स्टेट ट्रांजिट पास) के अपवंचन पर प्रभावी रोक लगाई जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में खनिज परिवहन की निगरानी और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

हमीरपुर में वाहनों की जांच, ओवरलोडिंग पर सख्त निर्देश

इसके बाद निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने हमीरपुर पहुंचकर उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की। उन्होंने संबंधित खान अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक वाहन के पास वैध परिवहन प्रपत्र होना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लोड करने वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। परिवहन के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महोबा के स्टोन क्रशरों में स्टॉक की विसंगतियां मिलीं

निरीक्षण अभियान के दौरान निदेशक ने महोबा में स्टोन क्रशरों और खनन पट्टों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ स्टोन क्रशरों पर उपलब्ध उपखनिज के स्टॉक की अनुमानित मात्रा और पोर्टल पर दर्ज विवरण में अंतर पाया गया।

इस पर निदेशक ने ज्येष्ठ खान अधिकारी को संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्टॉक के वास्तविक भौतिक सत्यापन और विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध विवरण के बीच पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

डॉ. उज्ज्वल कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला टास्क फोर्स के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और आईएसटीपी की अनिवार्यता का कड़ाई से पालन कराया जाए।

उन्होंने राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से खनन पट्टों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, रिक्त खनन क्षेत्रों का विज्ञापन जारी करने तथा नए खनन क्षेत्रों को प्रक्रिया में शामिल करने के निर्देश भी दिए।

निदेशक ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ राजस्व संबंधी अनियमितताओं पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।

XKN News | हमीरपुर, उत्तर प्रदेश