यह इलाका आज भी विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत पीछे है। पेयजल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रत्याशीयो की प्राथमिकताओं में शामिल ।

 

प्रभूपुरा (फलसूंड, पोकरण) | जैसलमेर, राजस्थान।

भारत के विशाल मरुस्थलीय भूभाग और विश्व के सबसे बड़े गर्म रेगिस्तानों में शामिल थार मरुस्थल के बीच बसे जैसलमेर में लोकतंत्र का उत्सव अपने अंतिम पड़ाव पर है। दूर-दूर तक फैले रेतीले धोरों, लंबी दूरियों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों के बीच पंचायती राज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

जैसलमेर जिला मुख्यालय से लगभग 300 किलोमीटर दूर, जोधपुर जिले की सीमा के निकट स्थित ग्राम पंचायत प्रभूपुरा में भी मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पंचायत समिति राजमथाई, विधानसभा क्षेत्र पोकरण और तहसील फलसूंड के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र के बूथ संख्या 49, राजकीय माध्यमिक विद्यालय प्रभूपुरा में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।

यहां महिला आरक्षित सरपंच सीट पर कुल चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान केंद्र पर विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता देखने को मिली।

विकास की उम्मीदों के बीच ग्रामीणों का फैसला

चुनावी सरगर्मी के बीच सरपंच प्रत्याशी की ओर से प्रतिनिधि देवाराम सारण ने क्षेत्र की समस्याओं और भविष्य की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उनका कहना है कि यह इलाका आज भी विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत पीछे है। पेयजल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

दरअसल, रेगिस्तानी भौगोलिक परिस्थितियों और जिला मुख्यालय से लंबी दूरी के कारण प्रभूपुरा जैसे सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और प्रशासनिक सुविधाओं तक पहुंच आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में पंचायत चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्थानीय जरूरतों और विकास की उम्मीदों को अभिव्यक्त करने का अवसर भी है।

रिश्तों की डोर से जुड़ता चुनावी जनसंपर्क, दूर-दराज से पहुंचे लोग

प्रभूपुरा के इस चुनाव की एक दिलचस्प तस्वीर यह भी है कि यहां चुनाव केवल स्थानीय ग्रामीणों तक सीमित नहीं दिखाई देता। राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले परिवारजन और रिश्तेदार भी अपने संबंधियों के समर्थन में यहां पहुंचे हैं। कोई सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करके आया है, तो कोई अपने पारिवारिक संबंधों के माध्यम से प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगा है।

शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पाबूसर से भी कुछ रिश्तेदार अपने परिजनों की चुनावी सहायता के लिए प्रभूपुरा पहुंचे। सरपंच प्रत्याशी के प्रतिनिधि देवाराम सारण के रिश्तेदार संतोष नगर, पाबूसर निवासी भगवानाराम डऊकिया, अचलाराम डऊकिया और चैनाराम सारण ने बताया कि वे अपने पारिवारिक संबंधों के चलते यहां आए हैं और प्रत्याशी वीरो देवी के समर्थन में लोगों से उन्हें विजयी बनाने की अपील कर रहे हैं।

इस चुनाव में एक खास बात यह भी देखने को मिल रही है कि मतदान से पहले निर्धारित चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने के बावजूद पारिवारिक मुलाकातों और घरेलू संपर्कों के माध्यम से लोग अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों के बीच प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन की अपील कर रहे हैं। हालांकि, यह अंतर समझना जरूरी है कि औपचारिक चुनाव प्रचार पर लागू प्रतिबंधों के बाद किसी भी प्रकार की चुनावी अपील या गतिविधि निर्वाचन नियमों के अनुरूप ही होनी चाहिए।

दूरियां भले बड़ी हों, रिश्तों और लोकतंत्र का उत्साह कायम

थार के रेतीले धोरों में बसे प्रभूपुरा की यह तस्वीर राजस्थान के ग्रामीण समाज की एक खास परंपरा को भी दर्शाती है। भौगोलिक दूरियां चाहे कितनी भी हों, पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक जुड़ाव लोगों को एक-दूसरे के करीब ले आते हैं। अपने परिजनों के सुख-दुख और सामाजिक जिम्मेदारियों में साथ खड़े होने की यह भावना यहां के चुनावी माहौल में भी दिखाई दे रही है।

फिलहाल प्रभूपुरा के बूथ संख्या 49 पर मतदान शांतिपूर्ण जारी है। अब अंतिम फैसला मतदाताओं के मताधिकार से होगा। रेगिस्तान की कठिन परिस्थितियों के बीच लोकतंत्र की यह प्रक्रिया एक बार फिर यह संदेश दे रही है कि देश के दूरस्थ गांवों में भी लोकतांत्रिक भागीदारी और अपने गांव के भविष्य को लेकर लोगों की उम्मीदें उतनी ही जीवंत हैं।