पटना। बिहार की राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र स्थित चंडासी गांव के प्रसिद्ध 108 फीट ऊंचे अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर में पुनपुन और दरधा नदियों के उफान के कारण बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। मंदिर परिसर में करीब पांच फीट तक पानी भर गया है और यहां बने 1008 हवन कुंड भी जलमग्न हो गए हैं।
मंदिर का मुख्य ढांचा फिलहाल पूरी तरह पानी में नहीं डूबा है, लेकिन परिसर के चारों तरफ जलभराव की स्थिति है। पानी का फैलाव इतना अधिक है कि मंदिर परिसर के आसपास नावों का संचालन हो रहा है। सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं से गुलजार रहने वाला मंदिर परिसर अब पूरी तरह बाढ़ की चपेट में नजर आ रहा है।
नाव पलटने से मची अफरा-तफरी
बाढ़ के बीच कुछ स्थानीय युवा नाव पर सवार होकर घूम रहे थे। इसी दौरान नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात रही कि नाव पर सवार सभी युवक सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक
मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों में पानी भरने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए गए हैं। लोगों से बाढ़ के पानी में जाने और अनावश्यक रूप से नाव पर सवार होकर जोखिम उठाने से बचने की अपील की जा रही है।
राहत-बचाव अभियान जारी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पटना जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन की टीमें सक्रिय हैं। जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, नावों के जरिए आवागमन और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से जलस्तर और प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और बाढ़ के पानी में किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!