गिरिडीह  (XKN )रीतेश कुमार

 नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय लखन साव ने मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। लखन के मुताबिक, वह ऑर्बिट होटल के पास दोस्तों के साथ खड़ा था, तभी पुलिस पहुंची और उसके साथ मारपीट की। उसकी बाइक भी पुलिस थाना ले गई।

लखन का आरोप है कि बाइक लेने थाना पहुंचने पर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की, जिसके बाद वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। बाद में पुलिस उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे भर्ती कराया गया। घटना के बाद उसकी बहन ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि युवक और उसके साथी नशे का सेवन कर रहे थे और पुलिस को देखकर भागने लगे। इसी दौरान बाइक और मोबाइल वहीं छूट गए थे। थाना प्रभारी के अनुसार, बाद में युवक साथियों के साथ थाना पहुंचकर हंगामा करने लगा और वह डेंड्राइट के नशे में था।
फिलहाल युवक के आरोप और पुलिस के बयान अलग-अलग हैं। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आएगी।