बासुकी नाथ झा, राँची, झारखंड

XKN News

रांची के प्रमुख इलाकों में व्यस्त मार्गों के चौक-चौराहों पर पुलिस की हर समय मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक पुलिस पोस्ट तैयार किए जा रहे हैं। राजधानी रांची की सड़कों पर दिन-रात सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों के लिए इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पुलिसकर्मियों को तेज धूप, बारिश और ठंड में खुले आसमान के नीचे लंबे समय तक ड्यूटी करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

शहर के प्रमुख चौराहों पर आधुनिक और सुविधायुक्त पोस्ट के जरिए विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस की चौकसी भी बढ़ाई जाएगी। राजधानी के करीब 20 प्रमुख स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग आकार के पुलिस पोस्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें सिरमटोली चौक, करमटोली चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, हरमू रोड स्थित अरगोड़ा चौक और गाड़ीखाना समेत अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।

एक पुलिस पोस्ट के निर्माण पर लगभग चार से 10 लाख रुपये तक की लागत आने की बात कही गई है। इन सभी पोस्ट का निर्माण कंपनियों के सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) फंड के तहत कराया जा रहा है।

इस मामले पर रांची के ट्रैफिक पुलिस के एसपी राकेश सिंह ने कहा कि इस नई पहल से न केवल पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में सुधार होगा, बल्कि विपरीत मौसम और परिस्थितियों में भी वे अधिक मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे सकेंगे। पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे इन सभी पोस्ट का निर्माण कंपनियों के सीएसआर फंड से कराया जा रहा है।

ट्रैफिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके, इसके लिए पोस्ट के सामने वाले हिस्से में बड़े आकार के पारदर्शी शीशे लगाए जा रहे हैं।