बहराइच, उत्तर प्रदेश।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और तेलंगाना की नामपल्ली विधानसभा सीट से विधायक माजिद हुसैन बहराइच पहुंचे। दोनों नेताओं ने विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत सैयद सालार मसूद गाजी रहमतुल्लाह अलैह में चादरपोशी कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। हालांकि, उनकी इस यात्रा के साथ ही प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति और नए सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

दरगाह पर हाजिरी लगाने के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का उल्लेख करते हुए दलित-मुस्लिम राजनीतिक भागीदारी और सत्ता में हिस्सेदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

शौकत अली ने कहा कि उनका गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। उन्होंने आबादी के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी आंकड़े वर्ष 2011 के हैं और उसके बाद जनसंख्या में बदलाव आया है। उनके मुताबिक, मुस्लिम समाज की हिस्सेदारी पहले बताए जाने वाले 20 प्रतिशत से अधिक है और दलित समाज को मिलाकर यह आंकड़ा 50 प्रतिशत तक पहुंचता है। हालांकि, उन्होंने सरकारी आंकड़ों के आधार पर 40 प्रतिशत का भी उल्लेख किया।

बसपा पर निशाना, दलित मुख्यमंत्री की पैरवी

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने बहुजन समाज पार्टी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी अब हाशिए पर चली गई है और मान्यवर कांशीराम का मिशन कमजोर पड़ गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा चाहता है कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज का बेटा मुख्यमंत्री बने। साथ ही गरीब मजदूर और किसान परिवार से आने वाले व्यक्ति को भी प्रदेश की सत्ता में नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वह गरीबों की समस्याओं और उनकी जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सके।

'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बराबर बैठकर हिस्सेदारी की बात करेगा'

मीडिया बातचीत में शौकत अली का एक बयान विशेष रूप से चर्चा में रहा। 'अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा' संबंधी राजनीतिक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज बराबरी से बैठेगा और आमने-सामने हिस्सेदारी की बात करेगा।

उन्होंने कहा कि अब दरी बिछाने, कुर्सियां लगाने या धक्के खाने की बात नहीं होगी, बल्कि राजनीतिक भागीदारी और सम्मान की बात होगी। शौकत अली ने दलित और मुस्लिम समाज के बीच सामाजिक टकराव की धारणा को खारिज करते हुए कहा कि दोनों समुदायों के बीच कभी ऐसा झगड़ा नहीं रहा।

मटेरा विधानसभा से चुनावी दावेदारी

शौकत अली ने खुद को सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का प्रत्याशी बताते हुए मटेरा विधानसभा क्षेत्र संख्या 284 का भी उल्लेख किया। वे इस सीट से घोषित प्रत्याशी हैं। ऐसे में उनकी बहराइच यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

इस दौरान तेलंगाना के नामपल्ली से विधायक माजिद हुसैन भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं की संयुक्त मौजूदगी और सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर दिए गए बयानों ने उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति में नए गठबंधन और संभावित सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चा को हवा दी है।

अब बड़ा सवाल यह है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा दलित-मुस्लिम राजनीतिक भागीदारी के अपने दावे को कितनी प्रभावी चुनावी ताकत में बदल पाता है और उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी लड़ाई में उसकी वास्तविक भूमिका क्या होगी।