राजेश वर्मा अनिल तिवारी XKN News

जौनपुर, 16 सितंबर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में बुधवार सुबह खेत में काम कर रही दो महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में 20 वर्षीय युवती श्रद्धा की मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय महिला शोभावती गंभीर रूप से झुलस गई।

जानकारी के अनुसार बलभद्रपुर निवासी श्रद्धा (20) पुत्री रमापति पटेल और शोभावती (32) पत्नी राहुल पटेल बुधवार सुबह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज गरज के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।

परिजन दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया, जबकि शोभावती का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया कि श्रद्धा तीन बहनों में सबसे छोटी थी और पॉलिटेक्निक की तैयारी कर रही थी। वह अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता रमापति पटेल मुंबई में हैंडलूम का काम करते हैं। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।