शिक्षा को बदलाव का हथियार बनाकर हाशिए के समाज की आवाज बने रहे डॉ. रामबिलास भारती
मऊ, 6 अक्टूबर।
डॉ. रामबिलास भारती का असामयिक निधन केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक चेतना की एक सशक्त आवाज का मौन हो जाना है। उन्होंने जीवनभर समाज के उन तबकों के लिए संघर्ष किया, जिन्हें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से उपेक्षित रखा गया। शिक्षा को परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानने वाले डॉ. भारती ने अपना जीवन समानता, आत्मसम्मान और बेहतर समाज के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।
राहुल सांकृत्यायन सृजन पीठ एवं जन संस्कृति मंच, मऊ के संयुक्त तत्वावधान में राहुल सांकृत्यायन सृजन पीठ के सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने डॉ. रामबिलास भारती को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण किया।
सभा का शुभारंभ आंचल और जाह्न्वी द्वारा प्रस्तुत श्रद्धांजलि गीत ‘दुनिया से जाने वाले, जाने चले जाते हैं कहाँ...’ से हुआ। गीत के भावपूर्ण स्वर से पूरा सभागार शोक और संवेदना में डूब गया।
सभा की अध्यक्षता करते हुए सामाजिक चिंतक एवं पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम ने कहा कि डॉ. रामबिलास भारती केवल शिक्षक नहीं, बल्कि उच्च कोटि के साहित्यकार, पत्रकार और सामाजिक चिंतक थे। डॉ. आंबेडकर के विचारों को अपने जीवन का आधार बनाकर उन्होंने शिक्षा को समाज के सबसे निचले तबके तक पहुंचाने का अथक प्रयास किया। आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद उनका संकल्प कभी कमजोर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि बेहतर समाज के निर्माण का डॉ. भारती का सपना पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जन संस्कृति मंच, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश धूमकेतु ने कहा कि डॉ. भारती हाशिए के समाज के मजबूत स्तंभ, दलित विमर्श के सजग हस्ताक्षर, आदर्श शिक्षक और सांस्कृतिक चेतना से संपन्न व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन ऐसे समाज के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया, जिसकी बुनियाद समता और बंधुत्व पर टिकी हो।
जन संस्कृति मंच, मऊ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. भारती ने सरकारी विद्यालयों के प्रति समाज में पनप रही नकारात्मक धारणाओं को अपने रचनात्मक प्रयासों से बदलने का सार्थक प्रयास किया। उन्होंने गरीब परिवारों के बच्चों में भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का विश्वास जगाया।
लोकतंत्र सेनानी राम अवध राव ने उन्हें डॉ. आंबेडकर के प्रखर ध्वजवाहक के रूप में याद करते हुए कहा कि अपनों से मिले दर्द को भीतर समेटकर भी मुस्कुराते रहना उनके व्यक्तित्व की अद्भुत विशेषता थी।
पूर्व प्रधान राम भवन ने कहा कि भौतिकतावादी दौर में भी डॉ. भारती अपने वेतन का हिस्सा खर्च कर अनेक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करते रहे। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से डॉ. आंबेडकर के सपनों को जमीन पर उतारने का अद्वितीय प्रयास किया।
शिक्षक नेता अवनीश कुमार सिंह ने उन्हें तार्किक, साहसी और संघर्षशील व्यक्तित्व बताया। वहीं सुदर्शन ने कहा कि डॉ. भारती समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को तलाशकर उसे शिक्षा के लिए प्रेरित करते थे।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामाश्रय यादव ने कहा कि डॉ. भारती प्रतिभा, ऊर्जा और सामाजिक सक्रियता से भरपूर थे और उन्होंने शिक्षक के मौलिक चरित्र को अपने जीवन में पूरी तरह आत्मसात किया।
रजनीश भारती ने कहा कि जिस व्यवस्था की विसंगतियों के विरुद्ध डॉ. भारती वैचारिक संघर्ष कर रहे थे, उस संघर्ष को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।
सभा का संचालन करते हुए डॉ. तेजभान ने कहा कि डॉ. रामबिलास भारती सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से उपेक्षित लोगों की आवाज थे। समाज के वंचित लोगों को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार और साहस दिलाना ही उनके जीवन का अंतिम लक्ष्य था।
श्रद्धांजलि सभा को सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारती, डॉ. प्रफुल्ल चंद भारती, एडवोकेट प्रेमचंद कौशल, विश्वनाथ प्रसाद, ओमप्रकाश चंद्रा, फखरे आलम, डॉ. राम शिरोमणि, अखिलेश कुमार, मनोज कुमार, शरद चंद, विनीत प्रताप राय, ओमप्रकाश बागी, रवि प्रकाश, राजकुमार, वीरेंद्र प्रताप, कल्पनाथ, रामजन्म सागर, कन्हैया लाल एवं अरुण चंद्रा सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया और डॉ. रामबिलास भारती के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भारती भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन शिक्षा, समानता, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय के लिए उनके विचार और संघर्ष लंबे समय तक समाज को दिशा देते रहेंगे। उनके अधूरे मिशन को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Continue With Google
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!