हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई एसडीआरएफ की नाव की हवा बीच नदी में निकलने लगी। एसडीआरएफ के जवानों ने नाव में दोबारा हवा भरने का प्रयास किया, लेकिन हवा लगातार निकलती रही। इसके बाद तेजस्वी यादव को निजी नाव पर बैठाकर सुरक्षित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तक ले जाया गया।

तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के तेरसिया इलाके में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उनका नाव से महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-1 के पास से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ओर जाने का कार्यक्रम था। नाव में तकनीकी समस्या आने के बाद उन्होंने निजी नाव से क्षेत्र का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की।

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि नाव पुरानी थी और उसकी हवा निकल गई। उन्होंने सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष के लिए उपलब्ध कराई गई नाव की यह स्थिति है, तो बाढ़ प्रभावित आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

तेजस्वी यादव ने नाव की घटना को लेकर साजिश के सवाल पर सीधे तौर पर कुछ कहने से इनकार किया, लेकिन सरकार की बाढ़ व्यवस्था को लेकर तीखी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को पर्याप्त भोजन और नाव की सुविधा नहीं मिल रही है तथा प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चौपट है।

चिराग पासवान के दौरे की ओर इशारा

तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कुछ दिन पहले क्षेत्र का दौरा करने आए नेताओं का भी जिक्र किया। उनके इस बयान को स्थानीय राजनीतिक हलकों में तीन दिन पहले इसी क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे लोकसभा सांसद चिराग पासवान की ओर इशारे के रूप में देखा जा रहा है। चिराग पासवान के दौरे के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के भी नाव से क्षेत्र का जायजा लेने की बात सामने आई थी।

RJD नेताओं ने जताया साजिश का संदेह

RJD के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीच नदी में नाव की हवा निकलना गंभीर विषय है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने इसे सरकार की व्यवस्था की नाकामी बताते हुए साजिश की आशंका भी जताई।

वहीं RJD नेता पंकज यादव ने इससे आगे बढ़कर आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की सुरक्षा के साथ साजिश की जा रही है। हालांकि, यह आरोप RJD नेता की ओर से लगाया गया है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।